सीएमओ कार्यालय सभागार में टीबी-एचआईवी कोऑर्डिनेशन बैठक संपन्न सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक, टीबी व एचआईवी समन्वय पर दिया गया जोर
लखीमपुर खीरी: सीएमओ कार्यालय सभागार में मंगलवार को टीबी-एचआईवी कोऑर्डिनेशन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत भी मौजूद रहे।बैठक में टीबी और एचआईवी के बीच समन्वय (कोऑर्डिनेशन) को मजबूत करने से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि टीबी और एचआईवी दोनों ही गंभीर संक्रामक रोग हैं, जिनका समय पर पता लगाकर समन्वित उपचार किया जाना आवश्यक है। एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों में टीबी होने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए दोनों कार्यक्रमों के बीच बेहतर तालमेल से रोगियों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर टीबी मरीजों की एचआईवी जांच तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही काउंसलिंग, दवा वितरण और फॉलोअप की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।बैठक में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को टीबी उन्मूलन के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत ने टीबी-एचआईवी कोऑर्डिनेशन की कार्ययोजना एवं जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।बैठक के माध्यम से जिले में टीबी मुक्त अभियान को गति देने और एचआईवी से प्रभावित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
