CBSE मूल्यांकन प्रणाली को लेकर कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा
CBSE मूल्यांकन प्रणाली को लेकर कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा:सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षा में लागू नई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली की कथित खामियों और उत्तर पुस्तिकाओं के डाटा लीक होने के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर निशाना साधा है। पार्टी ने इसे शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेस महासचिव एवं वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सीबीएसई ने स्वयं स्वीकार किया है कि प्रक्रिया में समझौता हुआ है। उन्होंने दावा किया कि ओएसएम प्रणाली का ठेका देने में नियमों में ढील बरती गई और संबंधित कंपनी की कार्यक्षमता को लेकर पहले से आशंकाएं थीं। कांग्रेस का कहना है कि नीट पेपर लीक के बाद अब सीबीएसई की मूल्यांकन प्रणाली में सामने आई खामियों ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
