शाहजहांपुर में सेना की वर्दी पहनकर खुद को ब्रिगेडियर बताने वाले एक युवक को पूर्व सैनिकों ने पकड़ा है
यूपी :शाहजहांपुर में सेना की वर्दी पहनकर खुद को ब्रिगेडियर बताने वाले एक युवक को पूर्व सैनिकों ने पकड़ा है। यह घटना शाहजहांपुर स्थित शहीद संग्रहालय के पास हुई, जहाँ युवक ब्रिगेडियर की वर्दी में घूम रहा था। उसकी गतिविधियों और वर्दी पर संदेह होने पर पूर्व सैनिकों ने उसे रोककर सेना से संबंधित सवाल पूछे। युवक के घबरा जाने पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया।पुलिस की कड़ी पूछताछ में युवक ने कबूल किया कि वह फर्जी ब्रिगेडियर है और सिर्फ दिखावे के लिए वर्दी पहनकर घूम रहा था। युवक की पहचान आर्यन वर्मा के रूप में हुई है। आर्यन ने बताया कि उसकी माँ का सपना है कि वह सेना में अधिकारी बने, जिसके लिए वह दिल्ली में तैयारी कर रहा है। उसने अपने परिवार को यह बता रखा था कि वह ब्रिगेडियर बन चुका है, और इसी वजह से वह कभी-कभी वर्दी पहनकर बाहर निकलता था।इस मामले में सेना के अधिकारियों ने भी जानकारी जुटाई है। युवक के पास से एक कार भी बरामद हुई है, जिस पर स्टार लगा हुआ था। सेना ने फिलहाल युवक को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और इस बात की जांच की जा रही है कि उसने सेना की वर्दी और अन्य सामान कहाँ से हासिल किया था।
