आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ की टीम ने कीटनाशक आधारित खेती के खतरनाक प्रभावों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है
दिल्ली :आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ की टीम ने कीटनाशक आधारित खेती के खतरनाक प्रभावों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। इस विशेष मौके पर फिल्म के निर्देशक चेट्टन डीके, मुख्य अभिनेत्री काजल अग्रवाल और अभिनेता श्रेयस तलपड़े मौजूद रहे, जिन्होंने फिल्म के माध्यम से समाज को जागरूक करने के अपने इस प्रयास को साझा किया।फिल्म के मुख्य उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए निर्देशक चेट्टन डीके ने कहा कि ‘द इंडिया स्टोरी’ किसानों के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन नुकसानदेह रसायनों के दुरुपयोग के खिलाफ है जो धीरे-धीरे हमारी खाद्य श्रृंखला में शामिल हो रहे हैं। इस फिल्म के जरिए वे आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य को लेकर एक जरूरी बहस शुरू करना चाहते हैं। उनका मानना है कि यदि यह फिल्म कुछ परिवारों को भी उनके खानपान को लेकर जागरूक करने में सफल रही, तो वे अपने इस प्रयास को सार्थक मानेंगे।अभिनेता श्रेयस तलपड़े ने इस विषय से भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए इसे एक अभिभावक के तौर पर एक गंभीर चेतावनी बताया, ताकि लोग समझ सकें कि उनकी थाली में रोजाना क्या पहुंच रहा है। वहीं अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने भी मां बनने के बाद इस विषय के प्रति अपने बदले नजरिए को साझा किया और फिल्म की तैयारी के दौरान सामने आए परेशान करने वाले तथ्यों का जिक्र करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा पर जोर दिया। ज़ी स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत और MIG प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के सहयोग से बनी इस फिल्म के लेखक और निर्माता सागर बी. शिंदे हैं। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
