यूपी विधानसभा में डीजल, किसान और बजट पर घमासान
यूपी विधानसभा में डीजल, किसान और बजट पर घमासान यूपी विधानसभा में बजट सत्र के दौरान किसानों और डीजल की कीमतों को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। सपा विधायक अनिल प्रधान ने किसानों की बदहाली, जमीन अधिग्रहण, खाद की किल्लत और डीजल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के नाम पर किसानों की जमीन औने-पौने दामों पर ली जा रही है और किसान कर्ज व महंगाई से परेशान हैं। जवाब में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यूपी में डीजल की कीमतें पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु समेत करीब 20 राज्यों से कम हैं और पिछले तीन साल से वैट नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को बाजार दर पर मुआवजा दिया जाता है और उनकी आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। वहीं, मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष सिर्फ विरोध के लिए विरोध कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में पेंशन राशि बढ़ाई गई है और किसान सम्मान निधि सीधे खातों में भेजी जा रही है।
