सुप्रीम कोर्ट को मिले पांच नए जज, न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर हुई 37
सुप्रीम कोर्ट को मिले पांच नए जज, न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर हुई 37 भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के पांच नए न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन नियुक्तियों के बाद शीर्ष अदालत में जजों की कुल संख्या बढ़कर 37 हो गई है, जबकि स्वीकृत 38 पदों में अब केवल एक पद रिक्त रह गया है। शपथ लेने वाले नए न्यायाधीशों में वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना, बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 27 मई को इनके नामों की सिफारिश की थी, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी थी। हाल ही में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी थी। पांच नई नियुक्तियों के बाद अदालत में रिक्त पदों की संख्या घटकर एक रह गई है। हालांकि जून माह में जस्टिस पंकज मिथल और जस्टिस जे.के. माहेश्वरी के सेवानिवृत्त होने के बाद दो पद फिर खाली हो जाएंगे। इन नियुक्तियों में वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना का नाम विशेष रूप से चर्चा में है। वह जस्टिस इंदु मल्होत्रा के बाद दूसरी ऐसी महिला हैं, जिन्हें सीधे बार से सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के साथ सुप्रीम कोर्ट में महिला न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
