एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज से, यूपी में लगेंगे 5 करोड़ पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान पूरे प्रदेश में एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत 17 नगर निगमों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक पौधरोपण किया जाएगा। पौधे अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों और नहरों के किनारे लगाए जाएंगे। विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की भी इसमें भागीदारी रहेगी। प्रदेश के विभिन्न मंडलों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। अलीगढ़ मंडल में 18.97 लाख, लखनऊ मंडल में 62.77 लाख और अयोध्या मंडल में 30.41 लाख पौधे लगाए जाएंगे। विभागीय योगदान की बात करें तो ग्राम्य विकास विभाग 3 करोड़, कृषि विभाग 75 लाख, वन एवं उद्यान विभाग 50-50 लाख, पंचायती राज विभाग 20 लाख और नगर विकास विभाग 5 लाख पौधे लगाएगा। सरकार का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करना है।
