एटा : 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के पात्र अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर
एटा : 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के पात्र अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया में दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देकर शीघ्र नियुक्ति दिए जाने की मांग की है।अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को भर्ती परीक्षा के उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देकर नियुक्ति दिए जाने की संस्तुति की है। ऐसे में समानता और सामाजिक न्याय के सिद्धांत के तहत दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी यह लाभ मिलना चाहिए। ज्ञापन में मांग की गई है कि आयोग की संस्तुति के अनुरूप 150 अंकों की परीक्षा में 60 अंक (40 प्रतिशत) प्राप्त करने वाले पात्र एवं सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से इस विषय में शीघ्र निर्णय लेकर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूती मिले।
