मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ बाथरूम के दरवाजे में उतरे करंट की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल निरंजन कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई
कौशांबी जिले की सैनी कोतवाली के आवासीय परिसर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ बाथरूम के दरवाजे में उतरे करंट की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल निरंजन कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।मिली जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल निरंजन कुशवाहा मंगलवार सुबह अपने कमरे के बाथरूम में गए थे। इसी दौरान बाथरूम के दरवाजे में करंट उतर आया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं निकले तो साथी पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। पुलिसकर्मियों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर खोला तो निरंजन कुशवाहा अंदर मृत अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक निरंजन कुशवाहा वर्ष 2011 बैच के सिपाही थे और मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी थे। उनका स्थानांतरण लगभग चार महीने पहले ही प्रतापगढ़ से कौशांबी हुआ था।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिराथू सतेंद्र तिवारी मौके पर पहुँचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना देने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस अचानक हुए हादसे से पुलिस महकमे में गहरा शोक का माहौल है, और साथी पुलिसकर्मी व अधिकारी दिवंगत हेड कांस्टेबल के निधन पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।
