February 12, 2026

सरस्वती बालिका विद्या मंदिर मिश्राना में सीएमओ ने फीता काटकर एनडीडी कार्यक्रम का किया शुभारंभ विद्यालय में शिक्षारत बच्चियों को अपनी उपस्थिति में खिलाई कृमि मुक्ति की दवा, जागरूकता पर दिया जोर


लखीमपुर खीरी:राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के अंतर्गत सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर मिश्राना में मंगलवार को (एनडीडी) कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ संतोष गुप्ता द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान सीएमओ ने विद्यालय की छात्राओं को अपनी उपस्थिति में कृमि मुक्ति की दवा का सेवन भी कराया और उन्हें नियमित रूप से दवा खाने के लाभ बताए।सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि फाइलेरिया अभियान संचालित होने के चलते बांकेगंज ब्लॉक को छोड़कर संपूर्ण जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान 10 फरवरी 2026 को आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना है, ताकि उनके स्वास्थ्य, पोषण और शैक्षणिक स्तर में सुधार हो सके।यह कार्यक्रम वर्ष 2016 से लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सरकारी व निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित मदरसों में शिक्षा रत बच्चों, बच्चियों, किशोर, किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जा रही है।उन्होंने जानकारी दी कि 1 से 2 वर्ष आयु के बच्चों को 200 मिलीग्राम, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को 400 मिलीग्राम दवा चूरा बनाकर पानी के साथ दी जाती है, जबकि 3 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और किशोरों को 400 मिलीग्राम एल्बेंडाजोल की पूरी गोली चबाकर खिलाई जाती है। दवा पूर्णतः सुरक्षित है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं।सीएमओ ने कार्यक्रम में विशेष रुचि लेने और शासन की योजना में पूर्ण सहयोग के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की सक्रिय भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनिल यादव, सचिन गुप्ता (आरकेएसके), राहुल शाक्य (अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *