पंचायत चुनाव में देरी के बीच बड़ा फैसला: यूपी की ग्राम पंचायतों में 6 माह तक प्रशासक रहेंगे प्रधान
यूपी : पंचायत चुनाव में देरी के बीच बड़ा फैसला: यूपी की ग्राम पंचायतों में 6 माह तक प्रशासक रहेंगे प्रधान। उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौजूदा ग्राम प्रधानों को अगले छह माह तक ग्राम पंचायतों का प्रशासक बनाए जाने को मंजूरी दे दी है। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के निर्देश पर प्रमुख सचिव पंचायती राज अनिल कुमार द्वारा सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया। आदेश के तहत बुधवार से प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों में निवर्तमान प्रधान प्रशासक की भूमिका निभाएंगे। सरकार का कहना है कि पंचायत चुनाव में हो रही देरी के चलते यह निर्णय लिया गया है, ताकि गांवों में सफाई, पेयजल, मनरेगा, सड़क मरम्मत और अन्य जरूरी विकास कार्य प्रभावित न हों। जानकारी के अनुसार, पिछड़ा वर्ग आरक्षण तय करने के लिए गठित समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग को अपनी रिपोर्ट तैयार करने में अभी समय लगेगा। इसी कारण पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव के बाद कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। सरकार के इस फैसले को ग्रामीण विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
