वाराणसी के रोहनियां थाना क्षेत्र के अखरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत अवलेशपुर में बीती रात गोली लगने से हुई मौत
यूपी :वाराणसी के रोहनियां थाना क्षेत्र के अखरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत अवलेशपुर में बीती रात गोली लगने से हुई मौत के प्रकरण में पुलिस प्रशासन ने अपनी जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, डीसीपी प्रमोद कुमार ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन अवलोकन किया और जांच की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर थाना प्रभारी राजू सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने डीसीपी को घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं और अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।पुलिस टीम फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एडीसीपी वरुणा जोन लिपि नगायच ने भी एक बयान जारी करते हुए कहा है कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
