केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है।
मध्य प्रदेश :केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है। इनमें दुर्घटना स्थल पर सबसे पहले पहुंचकर घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को “रहवीर” के रूप में सम्मानित करते हुए ₹25,000 का पुरस्कार देने की योजना शामिल है, साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सात दिनों तक मुफ्त इलाज की सुविधा भी मिलेगी।मंत्री ने बताया कि देश में हर वर्ष लगभग 1 लाख 80 हजार लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु होती है और करीब 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की जाती हैं। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के अनुसार, यदि दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाए तो बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए, जो व्यक्ति सड़क दुर्घटना के बाद घायल को तत्काल सहायता देकर अस्पताल पहुंचाएगा, उसे “रहवीर” कहा जाएगा, और ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ₹25,000 का नकद पुरस्कार देगी।इसके अतिरिक्त, सरकार ने यह भी घोषणा की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को किसी भी अस्पताल में भर्ती कराने पर उसके पहले सात दिनों के उपचार का खर्च सरकार वहन करेगी। इस योजना के तहत अधिकतम ₹1.5 लाख तक के इलाज का खर्च सरकार द्वारा दिया जाएगा। यह सुविधा राष्ट्रीय राजमार्ग, जिला सड़क या नगरीय सड़क सहित सभी प्रकार की सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं के लिए लागू होगी।नितिन गडकरी ने जोर देकर कहा कि सड़क दुर्घटनाएं देश की गंभीर समस्या हैं। उन्होंने अपील की कि यदि आम नागरिक, अस्पताल और प्रशासन मिलकर काम करें तो हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती है। सरकार की इन नई पहलों का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
