यूपी सिराथू में संघर्षपूर्ण लड़ाई में हारे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, 23 जिलों में भाजपा का क्लीन स्वीप
यूपी: सिराथू में संघर्षपूर्ण लड़ाई में हारे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, 23 जिलों में भाजपा का क्लीन स्वीप। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल कर ली है। विपक्ष के तमाम दावों से उलट भाजपा गठबंधन की पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी सुनिश्चित हो चुकी है। भाजपा गठबंधन का 273 सीटों पर कब्जा हो गया है जबकि सपा गठबंधन 125 पर सिमटा गया है। वहीं कांग्रेस के खाते में दो और बसपा को एक सीट मिली है। प्रदेश में भाजपा गठबंधन की आंधी चली, लेकिन प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने गृह जनपद में हार गए। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत में बड़ी भूमिका निभाकर उप मुख्यमंत्री बने केशव वर्ष 2022 के चुनाव में अपना ‘घर’ नहीं बचा सके।भाजपा का गोरखपुर, वाराणसी, गोंडा, लखीमपुर खीरी तथा झांसी में क्लीन स्वीप,वाराणसी मे भी भाजपा ने सभी सीट पर जीत दर्ज की है। गोंडा की सात तथा हरदोई में भाजपा ने आठों विधानसभा सीट पर विजय पताका फहराई है। लखीमपुर में भाजपा ने प्रदर्शन दोहराते हुए सभी आठों सीटों पर जीत दर्ज की। झांसी में भाजपा ने सदर, बबीना, गरौठा तथा मऊरानीपुर सीट पर जीत दर्ज की है।
