गुजरात के अहमदाबाद में 4 से 8 जून 2026 तक आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में 78 देशों के 600 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया
गुजरात के अहमदाबाद में 4 से 8 जून 2026 तक आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में 78 देशों के 600 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस वैश्विक प्रतियोगिता में भारत ने कुल 114 पदक जीतकर अपना वर्चस्व स्थापित किया, जिसमें 102 स्वर्ण पदक शामिल थे।इस चैंपियनशिप में अमरोहा जनपद के कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की छात्राओं आर्यान्शी और इंदू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो-दो स्वर्ण पदक हासिल कर जनपद का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। आर्यान्शी ने आर्टिस्टिक ग्रुप और आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते, जबकि इंदू ने आर्टिस्टिक ग्रुप और रिदमिक पेयर स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।इस अवसर पर जनपद अमरोहा से लाइजन एवं डेलिगेशन ऑफिसर के रूप में नियुक्त जनपद योगासन स्पोर्ट्स संगठन के अध्यक्ष डॉ. जोगिन्द्र सिंह, कनिका और आर्येशा ने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमेधा और गुरुकुल परिवार ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दोनों छात्राओं को बधाई दी। उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स संगठन के महासचिव रोहित कौशिक ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करती रहेंगी। पदक जीतने की सूचना मिलते ही पूरे अमरोहा जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई और विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक तथा खेल संगठनों के लोगों ने फोन और संदेशों के माध्यम से छात्राओं को बधाई प्रेषित की।
